(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। जनपद में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने एक शातिर एवं आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे मुनादी कराकर जिला बदर कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नई बस्ती, ऋषिकुल निवासी मोहनराम पुत्र रामप्रसाद, उम्र 39 वर्ष के विरुद्ध गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय हरिद्वार में प्रभावी पैरवी की थी।

पुलिस की ठोस पैरवी के बाद जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ जिला बदर के आदेश जारी किए गए। न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए 10 नवंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने नियमानुसार आदेश की तामील कराई।
इस दौरान पुलिस ने मुनादी कराते हुए मोहनराम को जनपद हरिद्वार की सीमाओं से बाहर कर जिला बदर की कार्रवाई पूरी की।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।











































Users Today : 593
Users Yesterday : 546
