(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में महिला अधिकारी से अभद्रता, छेड़छाड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपित उपनल कर्मचारी की सचिवालय परिसर में पिटाई के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, सचिवालय प्रशासन ने आरोपित को हटाने और उसकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फेसबुक पर संपर्क के बाद फोन कॉल से परेशान करने का आरोप
मामला आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, सहकारिता विभाग में सचिव कार्यालय से संबद्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पंकज सिंह पिछले कई दिनों से महिला अनुभाग अधिकारी को परेशान कर रहा था। महिला अधिकारी ने सचिवालय प्रशासन को दी शिकायत में बताया कि आरोपित ने पहले फेसबुक के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की। ब्लॉक किए जाने के बाद वह लगातार फोन कॉल करने लगा।
आरोप है कि 16 अक्टूबर को आरोपित नशे की हालत में महिला अधिकारी के कार्यालय पहुंचा और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने घूरकर देख लेने की धमकी दी और सहकर्मियों के साथ भी बदतमीजी की। महिला अधिकारी ने पीछा किए जाने से अपनी सुरक्षा को खतरा बताया है।
एटीएम चौक पर हंगामा, कर्मचारियों ने की पिटाई
बुधवार को इसी मामले को लेकर सचिवालय के एटीएम चौक पर हंगामा हो गया। सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने आरोपित को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
चार धाराओं में मुकदमा दर्ज
महिला अधिकारी की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने पंकज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78, 79, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








































Users Today : 340
Users Yesterday : 1035






