(शहजाद अली हरिद्वार)कलियर। हरिद्वार जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कलियर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लकड़ी खरीदने और बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में पिछले करीब दो साल से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी।
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपदभर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलियर थाना पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज करते हुए उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
लकड़ी के सौदे में छह लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पिरान कलियर निवासी अफजाल ने 26 सितंबर 2024 को लकड़ी बेचने के नाम पर धोखाधड़ी और छह लाख रुपये की ठगी के संबंध में थाना पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अमरजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय विजेंद्र सिंह निवासी जीयनचक, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश को आरोपी बनाया गया था।
मामले में गिरफ्तारी के कई प्रयास किए गए, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वृक्ष संरक्षण अधिनियम से संबंधित मामला और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में दर्ज प्रकरण शामिल हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली कलियर प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल और होमगार्ड अंकित शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत फरार आरोपियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








































Users Today : 566
Users Yesterday : 672






