(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान हरिद्वार में धामी सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। बैठक से पहले मुख्यमंत्री हर की पैड़ी पर मां गंगा का पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच हर की पैड़ी पहुंचकर गंगा पूजन करेंगे। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) पहुंचेंगे, जहां सुबह 11:30 बजे मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
हरिद्वार में होने वाली इस बैठक को प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों, जनहित से जुड़े विषयों और आगामी नीतिगत प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और संभावित निर्णयों की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
कैबिनेट बैठक को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारियां की हैं। बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री के दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है, जहां उनकी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के हरिद्वार दौरे पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं। खास तौर पर कैबिनेट बैठक में लिए जाने वाले संभावित फैसलों को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।








































Users Today : 303
Users Yesterday : 1012






