(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। बहादराबाद में आयोजित 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान पत्थरबाजी और हुड़दंग की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि रामलीला मंचन के दौरान कुछ लोगों ने पहले हंगामा किया और समझाने पर वहां से चले गए।
इसके बाद करीब 25 से 30 लोगों के साथ वापस लौटकर गाली-गलौज, धमकी और पत्थरबाजी की गई। घटना के चलते कलाकारों और दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई तथा रामलीला मंचन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। श्रीरामलीला कमेटी ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
रात करीब 11 बजे हुई घटना
श्रीरामलीला कमेटी, बहादराबाद के अध्यक्ष रविंद्र चौहान के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे रामलीला का मंचन चल रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया। समिति के सदस्यों ने उन्हें समझाकर वहां से भेज दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद वे करीब 25-30 अन्य लोगों के साथ वापस लौट आए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी गई और मंच की ओर पत्थर फेंके गए।
कलाकारों और दर्शकों में मची अफरा-तफरी
समिति अध्यक्ष ने दावा किया कि पत्थरबाजी के दौरान मंच पर मौजूद कलाकारों और मैदान में बैठे दर्शकों को चोटें आईं। दर्शकों में महिलाएं भी शामिल थीं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। हालांकि, समिति का कहना है कि मौके पर पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण स्थिति को नियंत्रित करने में परेशानी हुई।
श्रीराम बारात और दशहरा पर्व पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद श्रीरामलीला कमेटी ने क्षेत्राधिकारी बहादराबाद और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समिति ने 12 अक्टूबर को निकलने वाली श्रीराम बारात तथा 19 और 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दशहरा पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया है।
समिति का कहना है कि श्रीरामलीला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। कमेटी ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने और आगामी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने की अपील की है।








































Users Today : 2214
Users Yesterday : 632






