(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई देते हुए उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की।
माउंट एकांकागुआ की 6,961 मीटर ऊंची चोटी पर NIM और JIM&WS के संयुक्त अभियान ने 22 फरवरी 2026 को सफल आरोहण किया। छह सदस्यीय दल का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया था। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।
वहीं NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया। इसके बाद अभियान दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया। एक ही अभियान में नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफलता को उल्लेखनीय उपलब्धि माना गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि NIM ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश-प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन, साहस और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं प्रस्तुत करती हैं। ऐसे अभियानों की सफलताएं युवाओं को साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के साथ उत्तराखण्ड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित अधिकारी और विभिन्न अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।








































Users Today : 81
Users Yesterday : 794






