(शहजाद अली हरिद्वार) Haridwar। इंडोनेशिया के जकार्ता में 3 से 15 जुलाई तक आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाली महिला मुक्केबाजों का हरिद्वार मुक्केबाजी संघ द्वारा भव्य सम्मान किया गया। संघ की संरक्षक सुनीता चौधरी, सचिव नवीन चौहान, सह सचिव राकेश चौधरी एवं कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी ने खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड की होनहार मुक्केबाज निकिता चंद ने 60 किलोग्राम भार वर्ग तथा काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
सम्मान समारोह में संरक्षक सुनीता चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां लगातार खेलों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी विश्व स्तर पर भी भारत का गौरव बढ़ाएंगी।
संघ के सह सचिव राकेश चौधरी ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल एवं ललित कुँवर को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों का समर्पण, मार्गदर्शन और अथक मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने की शुभकामनाएं दी।
संघ के सचिव नवीन चौहान ने कहा कि मुक्केबाजी विश्व के सबसे कठिन खेलों में से एक है, जिसमें शारीरिक शक्ति, सहनशक्ति, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का अद्भुत समन्वय आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि कठिन खेल होने के कारण अधिकांश बच्चों का इस ओर रुझान अपेक्षाकृत कम रहता है, लेकिन पिथौरागढ़ में पिछले छह दशकों से विकसित हो रही मजबूत बॉक्सिंग संस्कृति के कारण वहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाते हुए उत्तराखंड का गौरव बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां यह सिद्ध करती हैं कि यदि प्रतिभाओं को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो उत्तराखंड की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना खिलाड़ियों की अथक मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। हरिद्वार मुक्केबाजी संघ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी पदाधिकारियों ने उन्हें आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में संरक्षक सुनीता चौधरी, सचिव नवीन चौहान, सह सचिव राकेश चौधरी, कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी सहित हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




































Users Today : 27
Users Yesterday : 907
