(शहजाद अली हरिद्वार)रविवार को दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा टल गया, जब उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गाड़ी एमआईईटी कॉलेज के पास एक सड़क दुर्घटना में शामिल हो गई।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर अचानक हुए वाहनों की आपसी टक्कर में रावत की कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंची और हरीश रावत को दूसरी गाड़ी में सुरक्षित रवाना किया गया।
सौभाग्य से हरीश रावत पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद जानकारी साझा करते हुए
समर्थकों और शुभचिंतकों को आश्वस्त किया कि चिंता की कोई बात नहीं है। रावत ने लिखा— “मैं पूरी तरह से ठीक हूं, सिर्फ गाड़ी को थोड़ा नुकसान हुआ है।”
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही समर्थकों ने राहत की सांस ली।

















































