(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। हरिद्वार वन विभाग ने सर्प तस्करी के बड़े मामले में मुख्य आरोपी नितिन कुमार पुत्र सत्यपाल सिंह, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएफओ पूनम कैन्थोला हरिद्वार की निगरानी में गठित विशेष टीम ने नारसन क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को सर्प विष सहित पकड़ा।
9 सितंबर को रूड़की बीट के ग्राम खंजरपुर में वन विभाग ने छापेमारी के दौरान 70 कोबरा और 16 रसल वाईपर बरामद किए थे।
उस समय नितिन फरार हो गया था और उस पर भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2023) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
डीएफओ पूनम कैन्थोला के निर्देशन में तीन टीमों ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में दबिश दी। मुखबिर की सूचना और डिजिटल ट्रैकिंग से नितिन तक पहुंच बनाकर उसे गिरफ्तार किया गया। टीम में वन क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, विनय कुमार राठी, सौरभ सैनी और वाहन चालक राहुल चौहान शामिल रहे।
डीएफओ हरिद्वार ने चेतावनी दी कि सर्प संग्रहण या वन्यजीव तस्करी में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वन विभाग की इस बड़ी सफलता ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में हरिद्वार को एक नई मिसाल के रूप में स्थापित किया है।


































