(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की उपचार के दौरान मौत हो गई। यह घटना फायरिंग के तीसरे दिन सामने आई। विनय त्यागी को धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस अभिरक्षा में ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने पुलिस वाहन पर अचानक गोलियां चला दीं। फायरिंग में विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोली लग गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल विनय त्यागी को तत्काल एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद आज उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एम्स ऋषिकेश के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने विनय त्यागी की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।

















































