(शहजाद अली हरिद्वार)रूड़की। गंग नहर क्षेत्र में हाल ही में घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना, जिसमें आईआईटी रुड़की के छात्र की मृत्यु हुई, के दृष्टिगत जन सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आज संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आईआईटी रुड़की,बीईजी रुड़की, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान रुड़की,पुलिस विभाग,नगर निगम रुड़की, तथा एनडीजीसी रुड़की के अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में गंग नहर क्षेत्र में सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए निम्न निर्णय लिए गया है कि 15 दिनों के भीतर एआई सक्षम सीसीटीवी कैमरे गंग नहर के संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे।
नगर निगम के समीप पुल के नीचे मजबूत लोहे की जंजीरें लगाई जाएंगी, जिससे आकस्मिक दुर्घटनाओं की स्थिति में बचाव संभव हो सके। गंग नहर के आसपास विभिन्न स्थानों पर स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। आपातकालीन स्थिति हेतु हेल्पलाइन नंबर प्रमुख स्थलों पर प्रदर्शित किए जाएंगे।
संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की दीपक रामचंद्र सेट ने कहा कि नागरिकों, विशेषकर छात्रों एवं युवाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि गंग नहर क्षेत्र में सावधानी बरतें एवं चेतावनी निर्देशों का पालन करें।


































