(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून/भराड़ी सैण। लक्सर विधायक शहजाद ने आज उत्तराखंड सरकार के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से भराड़ी सैण में शिष्टाचार भेंट कर लक्सर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान विधायक ने क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे।
विधायक शहजाद ने विशेष रूप से नगर पंचायत सुल्तानपुर स्थित राजकीय कन्या जूनियर हाई स्कूल को हाई स्कूल में उच्चीकृत किए जाने का प्रस्ताव मंत्री के सामने रखा। उन्होंने बताया कि विद्यालय के उच्चीकृत होने से क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिल सकेंगी
और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक के दौरान डीएलएड भर्ती परीक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक शहजाद ने युवाओं के हित को देखते हुए परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग रखी। इस पर शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि डीएलएड भर्ती परीक्षा शीघ्र ही आयोजित कराई जाएगी।
विधायक शहजाद ने कहा कि लक्सर क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
















































