(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक विशेष “स्वास्थ्य पखवाड़ा” आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना और लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक करना है।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक ममता राकेश सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में डॉ. राजेश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविरों की सफलता के लिए रोस्टर प्लान तैयार किया जाए और इसे सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और जिलास्तरीय अधिकारियों तक पहुँचाया जाए।
उन्होंने कहा कि इस पखवाड़े में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा। सीएचसी स्तर तक विशेषज्ञ शिविर आयोजित होंगे, जिनमें हृदय रोग, मधुमेह, प्रसूति स्त्री रोग और बाल रोग जैसी गंभीर बीमारियों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य सचिव ने निक्षय योजना को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से क्षयरोग से पीड़ित मरीजों को गोद लेने की अपील की।
इसके अलावा अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निगरानी रखने और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य पखवाड़े को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर कार्यवाही, व्यवस्थाएं और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा,
ताकि हर नागरिक इस अभियान का लाभ उठा सके। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दी गई।
यह पखवाड़ा हरिद्वार वासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महाकुंभ साबित होगा।

















































