(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार एसएसपी के आदेश पर जिलेभर में पुलिस अपराध व अव्यवस्थाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सक्रिय है।
इसी कड़ी में ऑपरेशन लगाम और ऑपरेशन मर्यादा जैसे विशेष अभियानों को तेज गति से संचालित किया जा रहा है। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण पाना तथा आम जनता में सुरक्षा की भावना को और सशक्त करना है।
पुलिस महानगर और देहात दोनों क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों एवं आरोपियों पर निगरानी रख रही है।
ऑपरेशन लगाम के अंतर्गत अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर विशेष निगाह रखी जा रही है। पुलिस की दबिश और नियमित तलाशी से ऐसे तत्वों में भय का माहौल बना है।
वहीं, ऑपरेशन मर्यादा को खासतौर पर धार्मिक व सामाजिक स्थलों की पवित्रता और अनुशासन बनाए रखने के लिए चलाया जा रहा है। हरिद्वार जैसे धार्मिक नगर में गंगा घाटों पर स्वच्छता, शालीनता और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।
इन अभियानों के दौरान पुलिस चौक-चौराहों, बस-रेलवे स्टेशनों तथा बाजारों में सघन चेकिंग कर रही है। अनावश्यक भीड़भाड़, अव्यवस्था या किसी संदिग्ध व्यवहार पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ऐसे प्रयासों से अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ जनता का भरोसा भी पुलिस पर और मजबूत होता है।
शहर और देहात निवासियों ने भी इन कार्रवाइयों का स्वागत करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। इस प्रकार हरिद्वार पुलिस निरंतर अपराधमुक्त, सुरक्षित और मर्यादित वातावरण स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

















































