(शहजाद अली हरिद्वार)श्यामपुर। लालढांग मेडिकल एसोसिएशन की ओर से हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग स्थित एक होटल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दवाओं के सुरक्षित रखरखाव, सरकारी नियमों के अनुपालन और समाज को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने मेडिकल संचालकों को नारकोटिक एवं नशीली दवाओं के सुरक्षित भंडारण तथा स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिलेखों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
श्यामपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज रावत ने नशा मुक्ति अभियान में पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक युवाओं को नशे की लत से बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए चिकित्सा क्षेत्र की गरिमा बनाए रखने और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में डॉ. बी.के. विश्वास समेत कई संचालक मौजूद रहे।


































