(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 30 जून 2025 – जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जन सुनवाई का आयोजन किया गया।
जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस जन सुनवाई में 32 लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं और मांगें दर्ज कराईं।
इनमें मुख्य रूप से विद्युत कनेक्शन, अतिक्रमण, भूमि पैमाईश, जलभराव, शराब व जुए की रोकथाम, मकान खाली कराने, शस्त्र लाइसेंस, और चकबंदी त्रुटियों से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मामलों का निस्तारण तत्काल नहीं हो सका है, उन्हें संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर भेजा जा रहा है और समयबद्ध समाधान की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख शिकायतकर्ताओं में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव अफाक अली, राजेन्द्र कटारिया, प्रमोद कुमार, भुवन विक्रम डबराल, रेखा रानी और अन्य लोग शामिल रहे।
जनसुनवाई में जलभराव, सड़क मरम्मत, अवैध अतिक्रमण हटाने, मोबाइल टावर रोकने, और सीवरेज सुधार से संबंधित मांगें भी प्रमुखता से उठीं।
बैठक में अपर एसीपी सदर जितेन्द्र चौधरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता, अधिशासी अभियंता दीपक सैनी, एआरटीओ नेहा झा, आरटीओ कृष्ण चंद्र पलारिया समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















































