(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। थाना बहादराबाद क्षेत्र में हुई दोस्त की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 12 अक्टूबर को ग्राम बहादराबाद निवासी सुशील कुमार ने अपने भतीजे सौरभ की उसके दोस्त रोहित द्वारा चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की तहरीर दी थी। सौरभ को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना बहादराबाद पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर दबिश दी और आरोपी रोहित पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम बहादराबाद को पथरी पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक सौरभ साथ में शराब पी रहे थे। इस दौरान 1200 रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद और हाथापाई हो गई थी, जिसमें सौरभ ने उसे थप्पड़ मार दिया। इससे आक्रोशित होकर रोहित ने अपने घर से चाकू लाकर सौरभ के घर में घुसकर उस पर कई वार कर दिए।
पुलिस ने मुकदमे में धारा 238 बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की है। आरोपी को जेल भेज दिया गया
। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा, उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, अमित नौटियाल समेत पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

















































