(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड की घटना से कई आवासीय भवन जलकर नष्ट हो गए। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री ने इस अग्निकांड को बेहद दुःखद और पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य करने को कहा, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा उनके लिए भोजन, रहने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और प्रभावित लोगों की जरूरतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस दुःखद घटना से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सरकार ने प्रशासन को प्रभावितों की सहायता के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।










































Users Today : 120
Users Yesterday : 644
