(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की नई सूची जारी कर दी है।
कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है, जिससे कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की कोशिश की जा रही है।
तबादला सूची के अनुसार प्रमेंद्र डोबाल को हरिद्वार के एसएसपी पद से हटाकर देहरादून का नया एसएसपी बनाया गया है। एसटीएफ के एसएसपी नवनीत भुल्लर को हरिद्वार की कमान सौंपी गई है,
जबकि अजय सिंह को फिर से एसटीएफ उत्तराखंड का नेतृत्व दिया गया है। उधम सिंह नगर में मणिकांत मिश्र की जगह अजय गणपति को जिम्मेदारी मिली है।
पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को चंपावत भेजा गया है, वहीं अक्षय कोंडे को पिथौरागढ़ और चंद्रशेखर घोड़के को अल्मोड़ा का एसपी बनाया गया है।
निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग और जितेंद्र मेहरा को बागेश्वर भेजा गया है। निशा यादव को हरिद्वार में एसपी क्राइम व ट्रैफिक की जिम्मेदारी दी गई है।
शासन का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक मजबूती और बेहतर कानून-व्यवस्था के उद्देश्य से किया गया है।


































