(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। हरिद्वार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है।
SSP हरिद्वार के दिशा-निर्देश पर थाना बहादराबाद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशा तस्करी में लिप्त आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 104 ग्राम अवैध स्मैक, 100 नशीले इंजेक्शन RESTIGESIC (BUPRENORPHINE), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने 23 अक्टूबर को अलीपुर रोड बहादराबाद पर चेकिंग के दौरान आरोपी संजीत पुत्र रधुवीर निवासी ग्राम धनपुरा थाना पथरी जिला हरिद्वार को पकड़ा।
आरोपी पूर्व में भी कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र से नशीले इंजेक्शन की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने कई बड़े ड्रग्स पैडलरों के नामों का खुलासा किया है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा, उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल (चौकी प्रभारी कस्बा), कांस्टेबल निपुल यादव और कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025’ के तहत SSP हरिद्वार के आदेश पर की गई है, ताकि हरिद्वार को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके। थाना बहादराबाद पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

















































