(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी कर प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस बदलाव में नैनीताल और अल्मोड़ा समेत कई जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को जिलाधिकारी पद से हटाकर अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

विनीत तोमर को जिलाधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है। वह इससे पहले कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक पद पर तैनात थे। निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण के साथ उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि दीप्ति सिंह को अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीसीएस अधिकारियों में कृष्ण कुमार मिश्र को एडीएम देहरादून से एडीएम हरिद्वार, पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ से एडीएम हरिद्वार तथा वैभव गुप्ता को एडीएम हरिद्वार से एडीएम देहरादून भेजा गया है।

सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा के साथ नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल नियुक्त किया गया है।
सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने और शासन को इसकी सूचना देने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासनिक फेरबदल में नैनीताल के डीएम का बदलाव अहम माना जा रहा है।










































Users Today : 343
Users Yesterday : 663
