(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण को लेकर संचालित विभिन्न विकास एवं उच्चीकरण कार्यों का गुरुवार, 30 अक्टूबर 2026 को सेनानायक आयुष अग्रवाल (IPS) ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सेनानायक ने निर्माणाधीन गेस्ट हाउस, वाहिनी तरणताल, जिम, पीएमएस (PMS), सप्तपदी स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सेनानायक आयुष अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं उच्चीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में इन सुविधाओं का बेहतर उपयोग किया जा सके।
उन्होंने कहा कि वाहिनी में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करना कार्मिकों के कल्याण, सुविधा और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से वाहिनी परिसर में उपलब्ध सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

इस अवसर पर उपसेनानायक श्रीमती मनीषा जोशी, उपसेनानायक श्री जोधराम जोशी, सूबेदार सैन्य सहायक श्री मंगल सिंह, सहायक शिविरपाल श्री पीताम्बर दत्त नौटियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
40वीं वाहिनी पीएसी में चल रहे ये विकास कार्य आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और वाहिनी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।








































Users Today : 386
Users Yesterday : 1019
