(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। उत्तराखंड में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में हरिद्वार पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत उत्तर प्रदेश सीमा से सटी चिड़ियापुर चौकी के नवनिर्मित भवन का विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद लोकार्पण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों की मौजूदगी रही।
लोकार्पण के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसर का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांत चौकी के संचालन से बॉर्डर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही शातिर अपराधियों की घुसपैठ पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी में भी मदद मिलेगी।

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
चिड़ियापुर चौकी के नए भवन के लोकार्पण से क्षेत्र में पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी सहित थाना श्यामपुर का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।








































Users Today : 462
Users Yesterday : 693
