(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के सभागार में ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और शिल्पकारों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक उत्तम कुमार तिवारी के स्वागत भाषण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों को बढ़ावा देना, उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना और आमजन को स्थानीय उत्पाद अपनाने के लिए जागरूक करना रहा।
इस दौरान बहादरपुर जट्ट गांव में जिला उद्योग केंद्र द्वारा आयोजित 25 दिवसीय सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूरा करने पर राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक सॉफ्ट टॉय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रदर्शनी में स्थानीय उद्यमियों और विभिन्न इकाइयों के उत्पादों के साथ जिला उद्योग केंद्र के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से तैयार सामग्री भी प्रदर्शित की गई। सांसद डॉ. कल्पना सैनी और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर उद्यमियों और प्रशिक्षणार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में मेदांश इंडस्ट्रीज की डॉ. अनु बाला ने पारंपरिक पद्धतियों से तैयार उत्पादों की जानकारी दी। वैशाली शर्मा ने सामाजिक हित और जनसेवा से जुड़े कार्यों के बारे में बताया। मोक्षा इंडस्ट्री की विदुषी ने ओडीओपी के तहत तैयार किए जा रहे शहद उत्पादों की जानकारी साझा की। विभूति ने जींस-टीशर्ट पर डिजाइन और प्रिंट तैयार करने वाले अपने स्टार्टअप की जानकारी दी, जबकि हिमेश कपूर ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों और अपने उद्यम के बारे में बताया।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से उद्यमियों, कारीगरों और शिल्पकारों को बाजार मिलने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वहीं सीडीओ ने उद्यमियों से गुणवत्ता, नवाचार और बेहतर मार्केटिंग के जरिए अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का आह्वान किया।








































Users Today : 188
Users Yesterday : 861






