(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के ग्राम रावली महदूद में शुक्रवार को शिक्षा और बाल विकास के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिली, जब आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं उसकी सहयोगी संस्था श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के सहयोग से विकसित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और ग्रामीणों की भारी उपस्थिति रही। समारोह पूरी तरह उत्साह, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक सहभागिता से सराबोर नजर आया।
ग्राम रावली महदूद स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय रावली महदूद-प्रथम में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के सौंदर्यीकरण, नव निर्मित शौचालय ब्लॉक, मध्यान भोजन हेतु शेड तथा भोजनालय सुविधाओं का लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय पूरनपुर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर-प्रथम, आंगनबाड़ी केंद्र सीतापुर, नूरपुर पंजण्हेड़ी तथा जमालपुर कलां-प्रथम के शिलापटों का भी अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जबकि रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मवीर सिंह एवं ग्राम प्रधान प्रमोद पाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों पर अतिथियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। ग्रामीणों और अभिभावकों में भी कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
“आईटीसी मिशन सुनहरा कल जनपद के लिए वरदान”
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा और बाल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनपद में जहां भी आईटीसी द्वारा विकसित विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र दिखाई देते हैं, वहां गुणवत्ता, समर्पण और आधुनिक सोच साफ नजर आती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निजी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बेहद जरूरी है। सरकार के साथ मिलकर यदि समाज भी आगे आए तो बच्चों का भविष्य और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने संस्था की पूरी टीम को समाजहित में किए जा रहे कार्यों के लिए बधाई दी।
विधायक आदेश चौहान बोले — “बेहतर वातावरण से निखरेगा बच्चों का भविष्य”
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि आईटीसी मिशन सुनहरा कल लगातार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में तैयार की गई आधुनिक सुविधाएं बच्चों को बेहतर माहौल देंगी, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव होगा।
उन्होंने कहा कि गांवों में इस प्रकार की अधोसंरचना तैयार होना ग्रामीण शिक्षा के लिए सकारात्मक संकेत है। इससे अभिभावकों का विश्वास भी सरकारी विद्यालयों की ओर बढ़ेगा।
“अब विद्यालय परिवार की जिम्मेदारी और बढ़ गई”
जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने विद्यालय में तैयार किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब विद्यालय परिवार की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की गुणवत्ता शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इतनी सुंदर और प्रेरणादायक व्यवस्था की वास्तविक सफलता तब मानी जाएगी, जब यहां के बच्चे नवोदय विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित होकर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
प्रधानाध्यापक ने जताया आभार
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौरव कुमार रस्तोगी ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था ने पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ विद्यालय में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है और अब बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में आईटीसी मिशन सुनहरा कल के मानव संसाधन प्रमुख अल्ताफ हुसैन, सचिन कांबले सहित संस्था के प्रतिनिधियों और सहयोगी संगठनों — प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, प्रथम इन्फोटेक, लोक मित्र, मैजिक बस एवं आईजीडी की टीमों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन एवं वंदेमातरम के साथ हुआ।


























