(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। हरिद्वार में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर पंजाब से आने वाली पारंपरिक दमड़ी यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को रोशनाबाद स्थित संयोजक राजबीर सिंह कटारिया के निवास पर आयोजित बैठक में यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
संयोजक राजबीर सिंह कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दमड़ी यात्रा 4 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे ज्वालापुर पुल, जटवाड़ा पहुंचेगी। यहां से हजारों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए हरकी पैड़ी स्थित गुरु रविदास मंदिर तक प्रस्थान करेंगे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जगह-जगह विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, जिसमें जलपान, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार यात्रा में लगभग 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। रविदासिया समाज के लोग विभिन्न स्थानों पर बैठकों के माध्यम से आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
दमड़ी यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग और गुरु रविदास जी के उपदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हुए ‘बेगमपुरा’ की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
बैठक में एडवोकेट मोनू राणा, रवि गौतम, विनीत कुमार, प्रशांत गौतम, सनी गौतम और प्रदुमन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


























