(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने देहरादून में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुनील राठी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुनील राठी अपने गैंग के माध्यम से देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम पिछले कुछ समय से गैंग के सदस्यों की गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी।
एसटीएफ की टीम सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सुनील राठी गैंग के दो सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो में सहस्त्रधारा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पैसिफिक गोल्फ एस्टेट के पास सड़क पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। गाड़ी में सवार दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम भानू चौधरी निवासी सहारनपुर और पारस निवासी मुजफ्फरनगर बताया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक-एक पिस्टल .32 बोर और कुल सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सुनील राठी के संपर्क में थे और कई बार पौड़ी जेल में उससे मिलने भी गए थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे विवादित जमीनों के मामलों में सुनील राठी का नाम लेकर लोगों को डराते थे और समझौता कराने के बदले मोटी रकम वसूलते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन ( यूपी-51 बीएस 0001), दो आईफोन और 40 हजार रुपये भी बरामद किए। दोनों आरोपियों को सहस्त्रधारा रोड से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 111(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर थाना राजपुर में आगे की कार्रवाई की गई है। पूछताछ में हरिद्वार और देहरादून के व्यापारियों को भी परेशान करने की बात सामने आई है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार शूटरों में भानू चौधरी पुत्र आलोक कुमार निवासी मील्स न्यू कॉलोनी, थाना सदर, जनपद सहारनपुर, यूपी और पारस पुत्र जगपाल सिंह निवासी- प्रेमपुरी थाना कोतवाली, जनपद मुजफ्फरनगर, शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पारस पूर्व में मुख्तार असांरी व संजीव जीवा गैंग का प्रमुख शूटर रहा है तथा उनकी मृत्यु के बाद सुनील राठी गैंग में सम्मलित हो गया था।
पुलिस है कि हरिद्वार का एक विवादित प्रोपर्टी डीलर, जो पूर्व में हत्या के मामले में जेल गया है, का नाम भी प्रकाश में आया है तथा उसके भी निरन्तर सुनील राठी के सम्पर्क में होने की जानकारी मिली है। अभियुक्तों के देहरादून आने तथा उक्त प्रकरण से जुडे सभी सम्भावित पहलुओं पर पुलिस द्वारा गहनता से जाच की जा रही है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार ये प्रोपर्टी डीलर कनखल में रहता है और पिछले कुछ सालों में विवादित संपत्तियों में घुसकर करोडों रुपए कमाए हैं।













































