(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, सड़क, रेल, ऊर्जा और कानून व्यवस्था समेत विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार का फोकस केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आम जनता तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार का लक्ष्य है।

रिपोर्ट कार्ड में रोजगार के क्षेत्र में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने, महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, 3.10 लाख से अधिक महिलाओं के लखपति दीदी बनने, किसानों को ब्याजमुक्त ऋण और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। साथ ही प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्राप्त 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतरने की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने सड़क, रेल, हवाई और रोपवे परियोजनाओं को भी विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। चारधाम यात्रा, पर्यटन, खेल, पेयजल, ग्रामीण विकास और स्वरोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने और पलायन रोकने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर पैदा करना है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










































Users Today : 324
Users Yesterday : 783
