(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। मुठभेड़ के दौरान बचकर भाग चौथा बदमाश भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ व्यक्ति बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं।

सूचना पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर बौंगला तिराहे के आसपास घेराबंदी की गई। कुछ समय बाद एक व्यक्ति पैदल तथा दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दबिश देकर दो संदिग्धों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि तीसरा संदिग्ध मुकुल पाल भागने लगा।
पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर संदिग्ध मुकुल पाल गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद संदिग्ध बदमाश ने दोबारा फायर किया।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ नियमानुसार जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में लेकर तत्काल उपचार हेतु जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया।

पकड़े गए संदिग्धों की तलाशी एवं पूछताछ में मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन तथा भूपेन्द्र के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा बरामद हुआ।
वहीं बदमाश विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर पिस्टल और 04 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने बीती रात्रि को ग्राम बडेढ़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान एक अन्य संदिग्ध प्रशांत कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इस प्रकार पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी में शामिल कुल 04 आरोपियों को हिरासत में लेते हुए हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।
आरोपित मुकुल पाल पुत्र कन्हैया, निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ ,भूपेन्द्र पुत्र विजय कुमार, निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर,विशाल कुमार पुत्र मंगता, निवासी वाल्मीकि मंदिर के पास, कस्बा बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, प्रशांत कुमार पुत्र निर्दोष कुमार, निवासी दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।










































Users Today : 671
Users Yesterday : 902
