(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी को बड़ा झटका देने का दावा किया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हरिद्वार से आए बसपा में कार्य कर चुके 167 नेताओं और समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नत्थूराम सहित कई जिला अध्यक्ष और प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी निभा चुके नेता शामिल हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को भी सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा हो रहा है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा गरीबों के हितों की चिंता करने वाली पार्टी है। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को मजबूत करने और प्रदेश में भाजपा की सरकार को लगातार तीसरी बार सत्ता में बनाए रखने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में बसपा के साथ-साथ अन्य संगठनों से जुड़े कई लोग भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उनके मुताबिक, पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के प्रति बढ़ते विश्वास के चलते अन्य दलों के नेता भी भाजपा से जुड़ रहे हैं।
इस घटनाक्रम को उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और हरिद्वार क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने का स्थानीय राजनीतिक प्रभाव आगामी दिनों में स्पष्ट होगा।








































Users Today : 833
Users Yesterday : 1035






